
By Alka
Published on:
वृंदावन के प्रसिद्ध संत, प्रेमानंद महाराज, इन दिनों स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। उनकी दोनों किडनियां खराब होने के बावजूद, वह अपनी अटूट सकारात्मकता और आध्यात्मिक अभ्यास के बल पर खुद को स्वस्थ बनाए हुए हैं।
हालांकि, हाल ही में सामने आए एक वीडियो ने उनके भक्तों और अनुयायियों की चिंता बढ़ा दी है। इस वीडियो में महाराज के चेहरे पर स्पष्ट रूप से सूजन दिखाई दे रही है, और वह हमेशा की तरह माथे पर चंदन भी नहीं लगाए हुए थे। उनके अनुयायी उनकी सेहत में सुधार के लिए निरंतर प्रार्थना कर रहे हैं।
वायरल वीडियो में दिखी थी शरीर में सूजन, दोनों हाथों पर बंधी पट्टियां
जो वीडियो इस समय वायरल हो रहा है, उसमें प्रवचन के दौरान प्रेमानंद महाराज का चेहरा सूजा हुआ, और आंखें लाल दिखाई दे रही थीं। उन्हें आंखें खोलने में भी कठिनाई हो रही थी और उनकी आवाज कांप रही थी। शारीरिक कष्ट के बावजूद, उन्होंने अपने भक्तों को प्रवचन देना जारी रखा। इस दौरान उन्होंने जो संदेश दिया, वह उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है। उन्होंने कहा, “हम कितने भी कष्ट में क्यों न हों, लेकिन अपना अभ्यास (प्रभु प्रार्थना) नहीं छोड़ सकते।“
पॉलीसिस्टिक किडनी डिजीज से जूझ रहे हैं प्रेमानंद महाराज
प्रेमानंद महाराज को वर्ष 2006 से पॉलीसिस्टिक किडनी डिजीज नामक एक आनुवंशिक (जेनेटिक) बीमारी है। इसी रोग के कारण उनकी दोनों किडनियां खराब हो चुकी हैं। डॉक्टरों ने एक समय उनके जीवन के लिए केवल दो से ढाई साल का समय बताया था, लेकिन उनकी प्रबल सकारात्मक सोच ने उन्हें अभी तक जीवित रखा है। वह लगभग दो दशकों से इस गंभीर समस्या का सामना कर रहे हैं।
स्वास्थ्य बिगड़ने पर बढ़ा डायलिसिस का क्रम
किडनी की समस्या के चलते, महाराज लंबे समय से डायलिसिस पर हैं। पहले यह प्रक्रिया हफ्ते में कुछ दिन होती थी, लेकिन स्वास्थ्य में आई गिरावट के कारण पिछले कुछ दिनों से अब उनका रोजाना डायलिसिस हो रहा है। वीडियो में उनके शरीर पर सूजन दिखाई दे रही है और दोनों हाथों पर पट्टियां बंधी हुई हैं। खराब स्वास्थ्य के कारण उनकी सुबह की नियमित पदयात्रा (जो रात 2 बजे होती थी) को भी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। उन्हें खान-पान, खासकर पानी पीने में भी काफी परहेज बरतना पड़ता है।
स्वास्थ्य में सुधार के भी संकेत
चिंता के बीच, महाराज के स्वास्थ्य को लेकर एक अन्य वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सुधार के संकेत दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वह स्वयं बता रहे हैं कि उनके हाथ अब ठीक हैं और वे उनसे काम कर पा रहे हैं। उनकी स्थिति में सुधार हुआ है और उनकी आंखें भी खुल रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रेमानंद जी महाराज वर्तमान में केली कुंज आश्रम में आराम कर रहे हैं।
भक्तों और बड़ी हस्तियों की है अटूट श्रद्धा
प्रेमानंद जी महाराज के अनुयायियों की संख्या बहुत बड़ी है, और वे उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। आम भक्तों के अलावा, टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली और उनकी अभिनेत्री पत्नी अनुष्का शर्मा समेत कई अन्य प्रसिद्ध हस्तियां भी नियमित रूप से उनसे मिलने वृंदावन जाती रहती हैं। इन सभी की महाराज के प्रति अटूट श्रद्धा है, जो उनके आध्यात्मिक प्रभाव को दर्शाती है।